Select Page

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने चिली के राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रि भोज दिया

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने चिली के राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रि भोज दिया

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु: लैटिन अमेरिका क्षेत्र में चिली, भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज (1 अप्रैल, 2025) चिली गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री गेब्रियल बोरिक फॉन्ट का नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया। उन्होंने उनके सम्मान में रात्रि भोज का भी आयोजन किया।

भारत की पहली यात्रा पर आए राष्ट्रपति बोरिक का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि विद्यार्थी राजनीति से राष्ट्रपति पद तक की उनकी राजनीतिक यात्रा विश्व भर के युवा नेताओं के लिए प्रेरणा है।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि यह यात्रा भारत चिली संबंधों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि यह दोनो देशों के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के समय में हो रही है।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि चिली लैटिन अमेरिका क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत और चिली की राजनीतिक और आर्थिक प्राथमिकताएं एक-दूसरे की पूरक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग बढ़ाने के कई अवसर हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने यह जानकर प्रसन्नता व्यक्त की कि हाल के वर्षों में भारत और चिली के बीच व्यापार में वृद्धि हुई है तथा बहुत सी भारतीय कंपनियों ने चिली के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की अपार संभावना है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने चिली में भारतीय समुदाय के महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा की, जो चिली में भारतीय व्यंजनों, योग और आयुर्वेद को लोकप्रिय बनाने और हमारे लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने में सहायता कर रहे हैं।

दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों को आगे बढ़ाने का एक बड़ा अवसर है और यह यात्रा भारत-चिली संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ेगी।

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.